बग़दाद की यात्रा पर पहुंचे लोदरियान ने अपने इराक़ी समकक्ष मुहम्मद अली अलहकीम से मुलाक़ात में कहा कि दइशी आतंकी जिनमें यूरोपीय नागरिकों की भी अच्छी ख़ासी संख्या है इराक़ की जेलों में स्थानान्तरित कर दिए जाएं तो उचित होगा मगर इराक़ के विदेश मंत्री ने साफ़ शब्दों में कहा कि इन आतंकियों में जो इराक़ी नागरिक हैं हम उन्हें अपनी जेलों में लाने के लिए तैयार हैं।
दोनों विदेश मंत्रियों के बीच मंगलवार की शाम होने वाली बातचीत के बाद लोदरियान ने इराक़ी अधिकारियों से कहा कि वह दाइशी आतंकियों पर जिनमें फ़्रांसीसी नागरिक भी मौजूद हैं मुक़द्दमा चलाने में मदद करें और उन पर इराक़ी अदालतों में मुक़द्दमा चलाया जाए।
इराक़ के विदेश मंत्री के कार्यालय ने एक बयान में कहा कि इराक़ अपनी धरती पर उन विदेशी आतंकियों पर कोई मुक़द्दमा नहीं चलाना चाहता जिन्होंने इराक़ के बाहर कोई अपराध किया है।
यूरोपीय देशों की इसी बात के लिए आलोचना की जा रही है कि वह अपने नागरिकों को अपनी धरती पर वापस आने से रोक रहे हैं। यह देश इन आतंकियों पर अपनी अदालतों में मुक़द्दमा चलाने से बच रहे हैं। वह चाहते हैं कि उन पर मुक़द्दमा इराक़ या सीरिया में चले और वहीं उनको सज़ा दी जाए। अमरीका के राष्ट्रपति ट्रम्प ने भी यूरोपीय देशों के इस रुजहान की आलोचना करते हुए कहा था कि कुर्द इलाक़ों पर तुर्की के हमलों के नतीजे में जेलों में बंद दाइशी आतंकी जब भागेंगे तो वह अपने घर यानी यूरोप जाएंगे इसमें अमरीका के लिए कोई चिंता की बात नहीं है।